एक महिला ने दूल्हे की चप्पलों से जमकर धुनाई कर दी ये महिला कोई और नहीं, बल्कि दूल्हे की दूसरी पत्नी थी और दूल्हा तीसरी शादी करने जा रहा था। इसी वजह से दूसरी पत्नी ने दूल्हे को सबसे सामने चप्पलों से जमकर धुना। ये पूरा मामला उधमसिंह नगर जिले के गदरपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक गदरपुर की कंबोज धर्मशाला में शादी का कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से चल रहा था। घराती और बाराती सभी मस्ती कर रहे थे। बारात चढ़ाई के बाद सालियां दूल्हे का स्वागत कर रही थीं। दूल्हा भी रिबन काटने वाला था कि वहां हंगामा हो गया। दूल्हे राजा पर एक महिला ने चप्पलों की बरसात कर दी।
दरअसल, यूपी के मुरादाबाद जिले के रहने वाले मदन उर्फ बंटी का रिश्ता गदरपुर में रहने वाले एक लड़की से तय हुआ था। मदन शुक्रवार को परिजनों के साथ बारात लेकर गदरपुर पहुंचा था, लेकिन फेरे लेने से पहले ही कीर्ति सैनी नाम की एक युवती शादी में पहुंची और हंगामा करते हुए दूल्हे की कुटाई कर दी। कीर्ति सैनी के साथ उसका भाई भारत सैनी भी था। भारत सैनी ने बताया कि मदन उर्फ बंटी जो दूल्हा बनकर यहां शादी करने आया है, उसकी शादी पिछले साल 27 अप्रैल 2021 को कीर्ति सैनी के साथ हो चुकी है। भारत सैनी ने पुलिस को बताया कि उन्हें हाल ही में पता चला है कि मदन ने कीर्ति से पहले एक और महिला से 2013 में शादी की थी। उस लड़की ने मदन पर शोषण का केस भी दर्ज करवाया था, जिसमें कार्रवाई जारी है।
भारत सैनी ने बताया कि मदन उनकी बहन कीर्ति को तलाक दिए बिना अब तीसरी शादी कर रहा था। जैसे ही उन्हें इसकी सूनचा मिली वे पुलिस के साथ गदरपुर थाने पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी। भारत सैनी का आरोप है कि मदन पहले ही दो से तीन लड़कियों जिंदगी बर्बाद कर चुका है।

पत्नी ने फूल मालाओं की जगह चप्पलों से किया दूल्हे का स्वागत, पहुंचा थाने


