सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

हरिद्वार। जनपद के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां पर उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हादसे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतकों के परिवार में मातम छाया हुआ है।

जानकारी के मुताबिक एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक भगवानपुर से हरिद्वार की ओर जा रहे थे, जैसे ही वह भगवानपुर बाईपास मार्ग पर बेडपुर चौक के पास ईंट-भट्टे के उनकी बाइक एक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयानक था कि उनकी बाइक ट्रक के नीचे जा घुसी, जिससे बाइक पर सवार (28 वर्षीय) शिवम और (26 वर्षीय) सूरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि (25 वर्षीय) अमन यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा के बाद आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े, लेकिन लोगों के पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहंची। सबसे पहले पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस के माध्यम से रुड़की के सरकारी अस्पताल में भेजा, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी के साथ पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोनों मृतक युवक और घायल की पहचान निवासी बनारस हाल निवासी भगवानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।

पिरान कलियर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है और एक युवक घायल हुआ है। घायल युवक का उपचार चल रहा है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है। मृतकों के परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *