लालढांग रेंज से पांच हाथी दांत गायब मामले में दो रेंजर निलंबित

जांच में रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की लापरवाही उजागर, रिकॉर्ड में 15 दांत दर्ज थे, मौके पर मिले केवल 10
देहरादून।
लालढांग रेंज के स्टोर से पांच हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर रेंजर अनुराग जोशी और प्रभारी रेंजर भगवत प्रसाद को निलंबित कर दिया गया है। डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में हुई जांच में रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की लापरवाही सामने आई थी। सीसीएफ एचआरडी पीके पात्रो ने दोनों रेंजरों के निलंबन की पुष्टि की है।

दरअसल, लालढांग रेंज के स्टोर में हाथियों के करीब 15 दांत दर्ज होने की जानकारी थी। लेकिन जब मौके पर जांच की गई तो इनमें से केवल 10 दांत ही मिले। शेष पांच दांत गायब पाए गए। मामला सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया था। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कराई थी। इस मामले में यमकेश्वर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।

हाल ही में डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में हुई विभागीय जांच में स्टोर में रखे हाथी दांतों के रिकॉर्ड, सुरक्षा और रखरखाव में गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच रिपोर्ट में रेंजर, प्रभारी रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की भूमिका पर सवाल उठाए गए। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो रेंजरों को निलंबित कर दिया।

वन विभाग के स्टोर से पांच हाथी दांत गायब होने की घटना ने विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाथी दांत वन्यजीव अपराधों की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माने जाते हैं। ऐसे में सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज दांतों का स्टोर से गायब होना विभागीय व्यवस्था की बड़ी चूक माना जा रहा है।

हालांकि, दो अधिकारियों के निलंबन के बावजूद इस मामले की पूरी गुत्थी सुलझना बाकी है। गायब हाथी दांत कहां गए और उनका कुल वजन कितना था, इसकी स्थिति भी अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। अब निगाहें आगे की जांच पर टिकी हैं, जिससे दांतों के गायब होने की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों का पता चल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *