चंडी चौक से पुलिस ने दबोचा, तीन आरोपितों की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी
हरिद्वार। दूधियाबंद बस्ती स्थित बिजलीघर के पास जंगल में हुई गोपाल की हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपित को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित गजराज कश्यप को चंडी चौक से हिरासत में लिया। मामले में तीन अन्य आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को कोतवाली नगर क्षेत्र के दूधियाबंद बस्ती में बिजलीघर के पास जंगल से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मामले में कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान मृतक की पहचान गोपाल पुत्र उमाचरण निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए 21 सितंबर और तीन अक्टूबर को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनमें एक महिला, नरेंद्र पुत्र ओमप्रकाश और गोविंद पुत्र ओमप्रकाश निवासी मोमिनपुर दरगा, बिजनौर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 16 सितंबर की रात गंगा किनारे बिजलीघर के पास दूधियाबंद की खाली जगह पर उन्होंने गजराज कश्यप के साथ मिलकर गोपाल की चापड़ और चाकू से हत्या की थी।
इस हत्याकांड में शामिल गजराज कश्यप पुत्र रघुवीर कश्यप निवासी मोमिनपुर दरगा, बिजनौर लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। फरार इनामी की तलाश में जुटी कोतवाली नगर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस की सुरागरसी और पतारसी के आधार पर मध्यरात्रि को चंडी चौक से गजराज कश्यप को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है।

