हरिद्वार में खेत में गिरी आकाशीय बिजली, दो किसानों की मौत

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के ग्राम डालूवाला में शनिवार शाम खेत में काम कर रहे दो किसानों की संदिग्ध रूप से आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान नगिन सिंह (55) पुत्र अतर सिंह, निवासी डालूवाला मजबता और रणधीर सिंह (40) पुत्र जीत सिंह, निवासी खाला टीरा के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार दोनों किसान शनिवार शाम करीब 5:30 बजे डालूवाला स्थित खेत में एक साथ कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने की घटना सामने आई। ग्रामीण तत्काल दोनों को उपचार के लिए विनय विशाल अस्पताल, रुड़की लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


सूचना मिलने पर सिडकुल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि घटना की प्राथमिक सूचना विभाग को प्राप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। यदि रिपोर्ट में आकाशीय बिजली से मौत की पुष्टि होती है, तो आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत पात्र परिजनों को राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *