हरिद्वार में युवती से मिलने आए युवक की भीड़ ने की पिटाई, गले में पहनाया पट्टा; 10-12 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र की गणपति धाम कॉलोनी में युवती से मिलने पहुंचे एक युवक के साथ भीड़ द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 10 से 12 लोगों ने घर में घुसकर युवक के साथ मारपीट की, उसके गले में कुत्तों का पट्टा पहनाया और जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर जिला अस्पताल भिजवाया।


युवती की तहरीर के आधार पर कनखल पुलिस ने 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।


युवती ने पुलिस को बताया कि उसका परिवार पिछले आठ वर्षों से हरिद्वार में रह रहा है और करनाल (हरियाणा) निवासी शादाब से उसकी चार-पांच वर्षों से दोस्ती है। शनिवार को वह उससे मिलने आया था, तभी कुछ लोग घर में घुस आए और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।


घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवक और युवती अलग-अलग समुदाय से हैं, जिसके चलते भीड़ ने हमला किया।


एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *