पति ने दिया तीन तलाक, जेठ पर लगाया पीडि़ता ने दुष्कर्म का आरोप

हरिद्वार। तीन तलाक देने का मामला रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में सामने आया है। जिसके बाद महिला ने अपने जेठ पर भी दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि दहेज नहीं मिलने पर पहले उसे घर से निकाला गया, उसके बाद उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। मामले में महिला ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।


जानकारी के मुताबिक सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की शादी क्षेत्र के ही भारत नगर कॉलोनी निवासी युवक के साथ साल 2020 में हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग करने लगे थे। ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बाइक और 90 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। महिला के मुताबिक मार्च 2021 में जब वह गर्भवती हुई तो ससुराल पक्ष को 10 हजार रुपये दिए। उससे कुछ समय पहले भी 20 हजार रुपये दिये थे।

महिला का आरोप है कि साल 2022 फरवरी माह की रात को जब पति काम पर गया था तो उसके जेठ ने उसके कमरे में आकर दुष्कर्म का प्रयास किया। जब यह बात उसने पति को बताई तो उसकी ही पिटाई कर दी गई। 18 मार्च को महिला को घर से निकाल दिया गया। जिसके बाद पति-पत्नी का मामला महिला हेल्पलाइन पहुंचा। महिला का आरोप है कि 15 मई 2022 को उसका पति उसके घर आया। जहां उसने उसे तीन तलाक दे दिया। महिला ने कोतवाली पहुंच कर पुलिस से मामले की शिकायत की है। मामले में सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *