विनोद धीमान
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पेड़ों की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली लक्सर पुलिस ने शीशम और नीम के पेड़ काटकर चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला तब सामने आया जब सुल्तानपुर लक्सर निवासी मोहम्मद अल्लाउद्दीन ने 28 मार्च 2026 की रात अपने खेत से दो शीशम और एक नीम का पेड़ काटकर चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली लक्सर पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। सक्रिय कार्रवाई के दौरान 2 अप्रैल को बेगम पुलिया के नीचे चक रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। ट्रक में सवार चार व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने पेड़ चोरी की घटना को कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पेड़ काटने के औजार, जिसमें एक आरा और एक कुल्हाड़ी शामिल है, बरामद किए। साथ ही 24,400 रुपये नकद और ट्रक (नंबर UK08CA-3312) भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलफाम (32 वर्ष), अखलीम (22 वर्ष), शाहरुख उर्फ ताडा (24 वर्ष) और मुर्तजा (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सभी सुल्तानपुर लक्सर क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वृक्ष संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा संख्या 280/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई को वरीय उपनिरीक्षक नितिन चौहान के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक रंजीत नौटियाल तथा अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने अंजाम दिया।


