सोनाली नदी पुल पर दर्दनाक हादसा : अनियंत्रित वेन्यू कार पुल से गिरी, पांच लोग गंभीर घायल

विनोद धीमान
हरिद्वार।
जनपद के लक्सर क्षेत्र में सोनाली नदी पुल पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रुड़की की ओर जा रही एक वेन्यू कार अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जबकि पुल पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से रुड़की अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि कार पुल से नीचे गिरने के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में ट्रैक्टर की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को नदी से बाहर निकाला गया।


लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनाली नदी पुल पर एक कार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कार में कुल पांच लोग सवार थे।


घायलों की पहचान रचना पत्नी जसवीर निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द, सोनी पत्नी अनिल निवासी दाबकी महेश्वरी, कोमल पत्नी अमन निवासी मारकपुर, श्रीकांत पुत्र सुरेश निवासी बिजनाखेड़ी थाना नकुड़ सहारनपुर तथा अनिल पुत्र राजेन्द्र निवासी दाबकी महेश्वरी के रूप में हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *