एसआईआर के बहाने मताधिकार छीनने में जुटी भाजपा सरकार: आफताब अहमद

संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप, वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान बूथ स्तर तक पहुंचाएगी कांग्रेस


हरिद्वार। हरियाणा के नूंह से कांग्रेस विधायक एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरिद्वार पर्यवेक्षक आफताब अहमद ने भाजपा सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग सत्ता बनाए रखने के लिए संविधान से मिले मताधिकार को छीनने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से मतदाताओं के अधिकारों पर चोट की जा रही है।


गुरुवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए आफताब अहमद ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक ले जाकर जनता को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अभियान को जनता का समर्थन मिल रहा है।


आफताब अहमद ने आरोप लगाया कि मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए नियमों के विपरीत फॉर्म-7 के इस्तेमाल के कई मामले सामने आए हैं। विपक्ष की ओर से शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है। किसी को भी उसके वोट के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए अपना अभियान जारी रखेगी तथा भाजपा सरकार के कथित प्रयासों को सफल नहीं होने देगी।


प्रेसवार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर, महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, मनोज सैनी, संजय सैनी, मनोज धनगर, पूर्व एमएलसी रामयश सिंह, तीर्थपाल रवि और अंजू मिश्रा सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *