ट्रक की टक्कर से तीन किशोरों की मौत, चालक फरार

हरिद्वार। जनपद की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के पीरपुरा अंडरपास के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार तीनों किशोर बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे पीरपुरा गांव के अंडरपास के पास पहुंचे, तभी हरिद्वार की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार कैप्सूल ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में अयान (16 वर्ष) और मोहम्मद रकीब (17 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी मोहम्मद साकिब (16 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *