मंगलौर विधायक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन को जान से मारने की धमकी, दो नंबरों से भेजे गए धमकी भरे वीडियो

हरिद्वार। मंगलौर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि विधायक के व्हाट्सऐप पर दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से वीडियो भेजे गए, जिनमें आपत्तिजनक सामग्री के साथ नकाबपोश व्यक्ति द्वारा धमकी दी गई।


जानकारी के अनुसार, विधायक को दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से धमकी भरे वीडियो भेजे गए। मामला सामने आने के बाद विधायक ने इसकी जानकारी हरिद्वार के एसएसपी को दी। शिकायत के आधार पर मंगलौर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


धमकी की घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है, जिनसे धमकी भरे संदेश और वीडियो भेजे गए हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने बताया कि विधायक की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिन मोबाइल नंबरों से धमकी भरे मैसेज और वीडियो भेजे गए हैं, उन्हें ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *