विनोद धीमान
लक्सर। सुल्तानपुर-इस्माइलपुर मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दो मासूमों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 14 वर्षीय अंशुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी 12 वर्षीय आयुष (वंश) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बालक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार पतंजलि से कर्मचारियों को घर छोड़ने जा रही एक बस ने सुल्तानपुर-इस्माइलपुर रोड पर स्कूटी सवार दो बच्चों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशुल पुत्र समय सिंह (14 वर्ष) निवासी पचेवाली, सुल्तानपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आयुष (वंश) पुत्र ब्रह्मपाल (12 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंशुल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायल आयुष को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का आरोप है कि बस चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और नशे की हालत में था। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि शाम करीब सात बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। एक बस की चपेट में आने से एक बालक की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीण दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


