तहसील प्रशासन ने सरकारी स्कूल की भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर तहसील क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर बुजुर्गों में तहसील प्रशासन और चकबंदी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी स्कूल की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। लंबे समय से गांव के कुछ लोगों द्वारा स्कूल की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था, जिसकी शिकायत ग्राम पंचायत प्रधान महिपाल धीमान द्वारा प्रशासन से की गई थी।


मामला न्यायालय में विचाराधीन था। न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के बाद तहसील प्रशासन और चकबंदी विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सरकारी स्कूल की भूमि की विधिवत पैमाइश कराई और अवैध रूप से किए गए कब्जे को हटवाकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया।


इस कार्रवाई के दौरान तहसील प्रशासन की ओर से कानूनगो अनिल कुमार गुप्ता एवं लेखपाल उम्मेद सिंह मौजूद रहे। वहीं चकबंदी विभाग से ए.सी.ओ. अजहरुद्दीन सैफी, कानूनगो अनिल त्यागी तथा पटवारी अमन ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया।


ग्राम प्रधान महिपाल धीमान ने बताया कि सरकारी स्कूल के भवन निर्माण के लिए पुरानी इमारत को पहले ही ध्वस्त किया जा चुका है और नई बिल्डिंग का निर्माण प्रस्तावित है। लेकिन लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा स्कूल की जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने के कारण निर्माण कार्य बाधित हो रहा था, जिससे बच्चों के भविष्य और गांव के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। उन्होंने शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *