स्वामी शिवानंद ने खनन माफियाओं पर साधा निशाना

हरिद्वार। मातृ सदन आश्रम, जगजीतपुर, कनखल में लगातार अज्ञात लोगों की मौजूदगी पर स्वामी शिवानंद ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने खनन माफियाओं पर प्रशासन से मिलीभगत कर बड़े षड़यंत्र को अंजाम देने का आरोप लगाया है। स्वामी शिवानंद ने कहा कि आश्रम के संतों के बाहर होने पर ही आश्रम में घुसपैठ की घटना को अंजाम दिया जाता है। इससे जाहिर होता है कि मातृ सदन की लगातार निगरानी की जा रही है।


मातृ सदन आश्रम के संस्थापक स्वामी शिवानंद महाराज ने शनिवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि शुक्रवार को अज्ञात लोगों ने आश्रम में घुसपैठ की कोशिश की है। सीसीटीवी कैमरे में घटना दर्ज हो गई है। जिसमें एक लड़का और लड़की आश्रम में घुसने का प्रयास कर रहे थे। जिसमें लड़की आश्रम परिसर में आती दिखाई दी है वहीं लड़का बाहर से निगरानी कर रहा है। आश्रम के कर्मचारियों के पूछने पर पागल बताते हुए भाग गये। इससे साफ जाहिर है कि शासन-प्रशासन की शह पर खनन माफिया किसी बड़े षड़यंत्र को अंजाम देने की फिराक में है। उन्हें आश्रम के संतों के बाहर रहने की जानकारी रहती है। पिछली दोनों घटनाओं में समानता देखने को मिली है। स्वामी शिवानंद महाराज ने कहा कि मातृ सदन आश्रम सदैव खनन माफियाओं की आंखों किरकिरी बना हुआ है और शासन प्रशासन के लोग भी खनन माफियाओं की शह पर हरिद्वार में ऐसे अधिकारियों को तैनात करते हैं जों मातृ सदन से दूरी बनाकर रखते हैं। इतना ही नहीं मातृ सदन के पत्र पर प्रदेश के मुखिया धामी भी जवाब नहीं देते हैं।

स्वामी शिवानंद ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में लगातार अज्ञात व्यक्तियों की मौजूदगी पर प्रश्नचिन्ह लगा हुआ है। पुलिस प्रशासन भी घटना को लेकर गंभीर नहीं है। ऐसे में भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। पत्रकार वार्ता में ब्रह्मचारी सुधानंद व अन्य मौजूद रहे। उन्होंने मीडिया को फूटेज भी दिखायें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *