हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार संत बाहुल्य नगरी है। यहां अनेकों तपस्वी संत हुए हैं। आज भी अनेक वीतराग संत तीर्थनगरी में हैं। यहां आश्रम-अखाड़ों में धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित होते रहते हैं। जिस कारण से तीर्थनगरी की अपनी ही अलग महिमा है। किन्तु कुछ भगवा वेषधारी ऐसे भी हैं, जो तीर्थनगरी की मर्यादा और इसके तीर्थत्व को क्षति पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
मजेदार बात यह की भगवा वेष धारण किए ऐसे कालनेमियों के खिलाफ न तो संत संमाज और न ही यहां की जनता कुछ बोलने के लिए तैयार है। इतना ही नहीं शासन-प्रशासन भी इनके आगे नतमस्तक रहता है। सब कुछ जानने के बाद भी ऐसे लोगों के खिलाफ कार्यवाही करने को तैयार नहीं है।
आलम यह है कि तीर्थनगरी में बलात्कार, अपहरण, धोखाधड़ी, कब्जेधारी के मामलों में शामिल कई भगवाधारी मजे का जीवन यापन कर रहे हैं। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन मौन साधे हुए हैं।
सूत्र बताते हैं कि तीर्थनगरी के भीमगोड़ा क्षेत्र में एक आश्रम ऐसा है, जहां सभी प्रकार के अनैतिक कार्य किए जा रहे हैं। यदि सूत्रों की बात पर विश्वास करें तो यहां सुरा के साथ कई प्रदेशों की सुन्दरियां विशेष लोगों को उपलब्ध हो जाएंगी। इतना ही नहीं मांस के साथ नशे का सामान भी आसानी से उपलब्ध हो जाता है। सूत्र बताते हैं कि इन सबके साथ यहां ब्याज पर पैसे देने का कार्य भी भगवाधारी के द्वारा किया जाता है। इस कार्य में कई कालनेमियों ने अपना पैसा लगाया हुआ है।
सूत्र बताते हैं कि जिस आश्रम में धर्म की मर्यादा के खिलाफ यह कार्य हो रहा है वह आश्रम भी विवादित तथा कब्जा किया हुआ है। साथ ही जो आश्रम का संचालन कर रहा है वह पूर्व में एक लड़की को लेकर भी फरार हो गया था। कथित रूप से इस कालनेमि बाबा के एक संतान भी है। बावजूद इसके न तो संत समाज और न ही पुलिस प्रशासन ऐसे लोगों के खिलाफ कार्यवाही करने को तैयार है। सूत्र बताते हैं कि इस खेल में खादी, खाकी और भगवा का पक्का गठजोड़ है। खादी वालों के समय-समय पर इनके समक्ष नतमस्तक होने के कारण भी इनके हौंसले बढ़े हुए हैं। जिस कारण से इनका उपद्रव बढ़ा हुआ है।
सबसे बड़ी बात की इतना सब होने के बाद भी ऐसे ही कालनेमियों को सम्मान भी मिलता है, जबकि भगवत प्राप्ति की राह में चल रहे गरीब साधुओं को हीन दृष्टि से देखा जाता है और उन्हें कार्यक्रमों में तुच्छ समझकर उनके साथ अनुचित व्यवहार तक किया जाता है। ऐसी स्थिति में सनातन का भगवान ही मालिक कहा जा सकता है।