लक्सर ओवरब्रिज पर गन्ने की मली बनी हादसों का सबब, राहगीरों की जान पर भारी लापरवाही

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर शुगर मिल से निकलने वाली गन्ने की मली इन दिनों लक्सर ओवरब्रिज पर वाहनों से लगातार गिर रही है, जिससे पुल फिसलन भरा हो गया है। हालात ऐसे हैं कि वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को जान जोखिम में डालकर पुल पार करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी इसी स्थान पर कई बार हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके समस्या पर समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई।


ओवरब्रिज पर गन्ने की मली फैलने से दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा सबसे अधिक बना हुआ है। खासकर रात के समय और बारिश के दौरान स्थिति और भी भयावह हो जाती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मली के कारण न केवल दुर्घटनाओं का डर बना रहता है, बल्कि इससे लंबे जाम की समस्या भी उत्पन्न हो रही है।
सूचना मिलते ही लक्सर शुगर मिल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पुल पर पड़ी गन्ने की मली को हटाने का कार्य शुरू किया। मिल प्रशासन द्वारा मली को एकत्र कर सड़क को साफ कराने की प्रक्रिया जारी है, ताकि यातायात को सुचारु किया जा सके।


इस संबंध में जब पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि गन्ने की मली के कारण हो रहे हादसों को गंभीरता से लिया गया है। इस विषय में शुगर मिल प्रशासन और एसडीएम से बातचीत कर उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही न हो और लोगों को जाम व दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शुगर मिल से निकलने वाले वाहनों की नियमित निगरानी की जाए और मली गिरने की स्थिति में तत्काल सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *