किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में सौतेला पिता गिरफ्तार, बहन के घर से सकुशल बरामद हुई थी नाबालिग

शारीरिक शोषण से परेशान होकर घर छोड़कर चली गई थी 16 वर्षीय किशोरी, गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी आरोपी ने


हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में उसके सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। किशोरी शारीरिक शोषण से परेशान होकर घर छोड़कर अपनी बड़ी बहन के घर हिमाचल प्रदेश चली गई थी। पुलिस ने तलाश के दौरान उसे सकुशल बरामद किया। किशोरी के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।


पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर को एक व्यक्ति ने अपनी 16 वर्षीय किशोरी के अपहरण की तहरीर दी थी। इस आधार पर कोतवाली ज्वालापुर में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने किशोरी की तलाश शुरू की। प्रयासों के बाद उसे हिमाचल प्रदेश में उसकी बड़ी बहन के घर से सकुशल बरामद कर लिया गया।


पूछताछ में किशोरी ने पुलिस को बताया कि पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। आरोप है कि इसके बाद उसका सौतेला पिता उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। कथित शारीरिक शोषण से परेशान होकर वह बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। पुलिस ने किशोरी के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी सचिन कुमार पुत्र सावनिया निवासी जलालाबाद, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सीतापुर, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार को चार नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 65(2) बीएनएस और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(1), 5(m), 5(n) व 6 की बढ़ोतरी की है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *