होटल की एनओसी के लिए मांगे थे 20 हजार रुपये, छह हजार की रिश्वत लेते सतर्कता टीम ने दबोचा
कोटद्वार। लैंसडौन स्थित एक होटल की फायर एनओसी जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगना अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी को भारी पड़ गया। सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम ने फायर स्टेशन कोटद्वार में तैनात प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद अग्निशमन विभाग में हड़कंप मच गया।
सतर्कता विभाग के अनुसार, शिकायतकर्ता ने शिकायत में बताया था कि पौड़ी गढ़वाल के लैंसडौन स्थित उसके होटल की फायर एनओसी जारी करने के एवज में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी उससे 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में रिश्वत मांगने संबंधी शिकायत प्रथमदृष्टया सही पाए जाने और मामला ट्रैप कार्रवाई के योग्य होने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में अभियोग पंजीकृत कराया गया।
इसके बाद बुधवार को सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। टीम ने भूपेश त्यागी को शिकायतकर्ता से छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद विभागीय महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सतर्कता विभाग की ओर से मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

