अध्यात्म ही मानवता का स्थायी समाधान

हरिद्वार। प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु मास्टरजी अपने मिशन 800 करोड़ के तहत हरिद्वार पहुंचे। प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने अपने नए आध्यात्मिक यूट्यूब चैनल गॉड होम जर्नी के शुभारंभ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस चैनल का उद्घाटन 13 जुलाई को हरिद्वार हर की पौड़ी पर किया गया।

उन्होंने कहा कि यह चैनल उन साधकों के लिए समर्पित है, जो आत्मज्ञान, मानसिक शांति और जीवन के वास्तविक उद्देश्य को जानना चाहते हैं। चौनल पर प्रतिदिन उपलब्ध होने वाली आध्यात्मिक वाणियों और प्रवचनों को नियमित सुनने से व्यक्ति का सांसारिक मोह-माया से लगाव कम होता है तथा वह धीरे-धीरे सत्-चित्त-आनंद की अवस्था की ओर अग्रसर होता है।

पत्रकार वार्ता में मास्टरजी ने वर्तमान समय में युवाओं के सामने बढ़ती मानसिक चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज बड़ी संख्या में युवा मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद, अनिद्रा, आत्महत्या के विचार और नशीले पदार्थों की लत जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का स्थायी समाधान केवल अध्यात्म के माध्यम से ही संभव है।

उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वयं को और जीवन के वास्तविक स्वरूप को समझता है, तभी वह अपने असली अस्तित्व से जुड़ पाता है। यही जुड़ाव उसे हर परिस्थिति को स्वीकार करने की शक्ति देता है और उसके जीवन में मानसिक शांति तथा सकारात्मक परिवर्तन लाता है।

मास्टरजी ने बताया कि वर्ष 2007 में आत्म-साक्षात्कार प्राप्त होने के बाद उन्होंने अपना जीवन मानव कल्याण और आध्यात्मिक जागरण के लिए समर्पित कर दिया। पिछले 18 वर्षों से वे लाखों लोगों के साथ व्यक्तिगत रूप से अपने अनुभव और आध्यात्मिक ज्ञान को पूरी तरह निशुल्क साझा कर रहे हैं। उनके अनुसार इस दौरान उन्होंने देखा कि 10 वर्ष के बच्चों से लेकर 80 वर्ष तक के बुजुर्गों में भी अध्यात्म के माध्यम से सकारात्मक बदलाव आया है।

इन्हीं अनुभवों के आधार पर दिसंबर 2023 में उन्होंने ‘मिशन 800 करोड़’ की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य पृथ्वी पर रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक जीवन का वास्तविक ज्ञान और स्थायी खुशी का संदेश पहुंचाना है। इस अभियान का ध्येय वाक्य ‘खुशी की गारंटी’ है।

उन्होंने बताया कि अब तक देशभर में लगभग 300 आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उनके प्रवचन भारतीय रक्षा बलों, पुलिस मुख्यालय, बार एसोसिएशन, विभिन्न विश्वविद्यालयों, वैश्विक आध्यात्मिक महोत्सव तथा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर भी आयोजित हो चुके हैं।

मास्टरजी ने कहा कि उनका संदेश सरल है, “रोज एक वाणी और सारे दुख दूर।” उन्होंने बताया कि उनकी आध्यात्मिक वाणियां ‘मास्टरजी’ और ‘गॉड होम जर्नी’ यूट्यूब चैनलों पर निशुल्क उपलब्ध हैं। इसके अलावा अध्ययन के इच्छुक साधकों के लिए उनकी तीन पुस्तकों का हाल ही में वृंदावन में लोकार्पण भी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *