एफडी-पॉलिसी में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 30.74 लाख रुपये हड़पे, छह पर मुकदमा

दूसरी कंपनी के पॉलिसी बॉन्ड थमाकर करते रहे गुमराह, रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप


विनोद धीमान
हरिद्वार।
एफडी और आरडी में मोटा मुनाफा दिलाने तथा निवेश की रकम सुरक्षित रखने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 30 लाख 74 हजार 464 रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले एक कंपनी में निवेश कराया गया और बाद में दूसरी कंपनी के पॉलिसी बॉन्ड थमाकर रकम लौटाने का भरोसा दिया गया। पॉलिसी की अवधि पूरी होने के बाद भी जब रकम वापस नहीं मिली तो पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम हबीबपुर कुड़ी, रायसी निवासी प्रमोद कुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि जनवरी 2015 में उसकी मुलाकात खुर्शीद निवासी मखियाली कलां, प्रीतम सिंह निवासी सिकंदरपुर और इरशाद निवासी बुड़गरी, बिजनौर से हुई थी। तीनों ने खुद को एफडी, आरडी और बीमा पॉलिसी का काम करने वाला बताते हुए यूनाइटेड एग्रो लाइफ इंडिया लिमिटेड कंपनी में निवेश करने की सलाह दी। इसके बाद उसकी मुलाकात कंपनी के डायरेक्टर बताए गए अहसान हैदर, मोहम्मद शाहनवाज और मोहम्मद जावेद से भी कराई गई।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों के भरोसे में आकर उसने वर्ष 2015 से 2018 के बीच अलग-अलग एफडी में कुल नौ लाख रुपये जमा कराए। वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण के दौरान लॉकडाउन लगने पर लक्सर स्थित कंपनी की शाखा बंद हो गई। इसके बाद जब उसने अपनी जमा रकम वापस मांगी तो आरोपी उसे देहरादून स्थित कंपनी के कार्यालय ले गए। वहां उसे बताया गया कि पुरानी एफडी की रकम दूसरी कंपनी जुबिलेंट मल्टीपरपज विजन निधि लिमिटेड में जमा कर दी गई है।

आरोप है कि रकम लौटाने का विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने उसे दो चेक दिए, लेकिन बाद में दोनों चेक वापस ले लिए। इसके बदले 16 लाख रुपये के आठ पॉलिसी बॉन्ड थमा दिए गए। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि पॉलिसी की अवधि पूरी होने पर उसे पूरी रकम वापस मिल जाएगी। हालांकि, निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी पीड़ित को रकम नहीं मिली। वह लगातार आरोपियों के चक्कर लगाता रहा, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया।

प्रमोद कुमार का आरोप है कि 18 अगस्त 2026 को लक्सर में खुर्शीद और प्रीतम से मुलाकात के दौरान उसने अपने भाई के साथ मिलकर कुल 30 लाख 74 हजार 464 रुपये वापस मांगे। इस पर दोनों भड़क गए और उसके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने मामले में 31 अगस्त को लक्सर कोतवाली और पांच सितंबर को एसएसपी हरिद्वार को शिकायत भेजी थी। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *