देहरादून। फाल्गुन मास की त्रयोदशी पर गुरुवार को पलटन बाजार स्थित श्री जंगमेश्वर महादेव का मंदिर के श्रीमहंत कृष्णा गिरि महाराज ने अभिषेक पूजन कर लोक कल्याण की कामना की। अभिषेक पूजन कर्म आचार्य मनोज ढौंडियाल ने करवाया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए मंदिर के श्रीमहंत कृष्णा गिरि महाराज ने कहाकि भगवान शिव सृष्टि के आधार हैं। भगवान शिव के बिना किसी भी कार्य की सिद्धि की कल्पना तक नहीं की जा सकती। भगवान शिव ही सृष्टि के मूल हैं।
श्रीमहंत कृष्णा गिरि महाराज ने कहाकि प्रत्येक व्यक्ति को भगवान शिव की उपासना करनी चाहिए। यदि व्यक्ति विधि पूर्वक पूजन-अर्चन नहीं कर सकता तो मानसिक पूजन किया जा सकता है। सोमवार भगवान शिव का प्रिय वार है। इस दिन पूजन, अभिषेक करने से मनवांछि फल की प्राप्ति होती है। यदि कोई व्यक्ति प्रदोष व्रत करता है और भगवान शिव का विधिपूर्वक अभिषेक पूजन करता है तो उसके समस्त पापों का क्षय हो जाता है और अंत में वह शिवलोक को प्राप्त होता है। उसके वंश की यश और कीर्ति बढ़ती है।
श्रीमहंत कृष्णा गिरि महाराज ने कहाकि 30 मार्च से मां भगवती के चैत्र नवरात्र आरम्भ हो रहे हैं। मां सभी के घरों में विराजमान होंगी। उन्होंने कहाकि नवरात्र में मां दुर्गा की पूजा सभी को करनी चाहिए। इससे व्यक्ति के यश और बल में वृद्धि होकर सभी संतापों से उसे मुक्ति मिलती है। उन्होंने चैत्र नवरात्र प्रतिपदा को लगने वाले हिन्दू नववर्ष नव संवत्सर की सभी को मंगल कामनाएं दी। इस अवसर पर अभिषेक पूजन की व्यवस्था दिगम्बर रविगिरि महाराज व भक्तों से की।