बसपा को झटका: शिवम कश्यप की भाजपा में घर वापसी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिलाई सदस्यता

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर क्षेत्र में शनिवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब क्षेत्र के सक्रिय युवा नेता शिवम कश्यप ने भाजपा का दामन थाम लिया। लंढौरा में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाकर औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल किया। समारोह के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही। नेताओं ने शिवम कश्यप की वापसी को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे लक्सर क्षेत्र में भाजपा का जनाधार और मजबूत होगा।


गौरतलब है कि शिवम कश्यप ने पिछले निकाय चुनाव के दौरान भाजपा से नाराज होकर बसपा का दामन थाम लिया था। बताया जाता है कि टिकट न मिलने के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी, हालांकि वे सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के करीबी माने जाते रहे हैं। बसपा ने उन्हें लक्सर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए टिकट भी दिया था, लेकिन उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने के बजाय वर्तमान चेयरमैन संजीव कुमार नीटू के समर्थन में खड़े होकर संगठनात्मक भूमिका निभाई थी। अब एक बार फिर भाजपा में उनकी घर वापसी को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि शिवम कश्यप की वापसी से लक्सर और लंढौरा क्षेत्र में भाजपा को मजबूती मिलेगी और आगामी निकाय व विधानसभा चुनावों में इसका असर देखने को मिल सकता है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा में लगातार युवाओं और जनप्रतिनिधियों का विश्वास बढ़ रहा है। पार्टी विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की नीति पर काम कर रही है, जिससे प्रभावित होकर लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।
वहीं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि शिवम कश्यप एक सक्रिय और जनसेवा से जुड़े कार्यकर्ता हैं। उनके भाजपा में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी। शिवम कश्यप ने कहा कि उन्होंने हमेशा जनता और क्षेत्र के हित को प्राथमिकता दी है। भाजपा सरकार की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी में वापसी का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।


समारोह में मौजूद कार्यकर्ताओं ने शिवम कश्यप का जोरदार स्वागत किया और भाजपा के समर्थन में नारे लगाए। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि आने वाले समय में लक्सर क्षेत्र में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *