12 हजार की रिश्वत लेते ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक गिरफ्तार

उत्तराखंड के किच्छा क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के एक ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी को 12 हजार रुपये लेते हुए ट्रैप टीम ने पकड़ लिया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता पिछले 5-6 वर्षों से लकड़ी के ठेकेदार के रूप में कार्य कर रहा है। उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे। इन पेड़ों को काटने के लिए विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य होता है। इसी प्रक्रिया के तहत उसने 26 आम के पेड़ों की कटाई की अनुमति के लिए आवेदन किया था।
बताया गया कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित दस्तावेज उद्यान विभाग तक पहुंच गए थे और अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण भी कर लिया गया था। इसके बावजूद उद्यान विभाग में तैनात ज्येष्ठ निरीक्षक बादल पाण्डे ने 16 पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के एवज में 12 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।


शिकायतकर्ता की शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी में मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैप टीम का गठन किया गया।
ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक को शिकायतकर्ता से 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *