घर में घुसकर मारपीट, होमगार्ड समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रजबपुर में घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने होमगार्ड समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार ग्राम रजबपुर निवासी सुधीर कुमार ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया कि 5 अप्रैल की शाम करीब 7. 28 बजे उसका भाई सुनील कुमार घर के अंदर आटा चक्की पर काम कर रहा था। इसी दौरान राकेश, सुमित, आदेश पुत्र इलम सिंह निवासी रजबपुर तथा राहुल पुत्र राजकुमार निवासी गिद्धावाली थाना खानपुर ट्रैक्टर से लाठी-डंडे और सरिये लेकर घर में घुस आए। आरोप है कि सुमित, जो होमगार्ड में तैनात है, पुलिस का फाइबर बैट (डंडा) लेकर आया था।
तहरीर के अनुसार आरोपियों ने घर की दीवार और सरकारी स्ट्रीट लाइट का खंभा तोड़ते हुए घर में घुसकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने सुनील कुमार पर जान से मारने की नीयत से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुधीर कुमार पर भी हमला किया गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को आरोपियों से छुड़ाया।


घटना में सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल लक्सर भिजवाया, जहां से सुनील कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल हरिद्वार रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पीडि़त ने घटना की वीडियो क्लिप मोबाइल में होने की जानकारी भी पुलिस को दी है। पीडि़त का आरोप है कि आरोपियों से आवासीय जमीन को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है और घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई थी।


कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर होमगार्ड सुमित समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *