अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर हुआ वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह
हरिद्वार। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर राज्य में पहली बार आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह के तहत ब्लॉक बहादराबाद सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान और विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री आदेश सैनी रहे। ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी तथा महिला आयोग की पूर्व एवं प्रथम महिला अध्यक्ष संतोष चौहान समेत अन्य अतिथि मंचस्थ रहे।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान और राज्यमंत्री आदेश सैनी ने वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र और सम्मान प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन जनपद हरिद्वार के महामंत्री जेपी चाहर, विधिक सलाहकार एडवोकेट विनोद शर्मा तथा आयुर्वेद एवं उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार जोशी शामिल रहे।
इसके अलावा वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन से जुड़े चौधरी चरण सिंह, ई. सत्येंद्र गर्ग और सतीश चंद्र गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। प्रशासन की ओर से जेपी चाहर को अंगवस्त्र एवं सम्मान प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। डॉ. सुनील कुमार जोशी की ओर से उनका सम्मान उनके बड़े भाई आरके जोशी ने प्राप्त किया, जबकि एडवोकेट विनोद शर्मा का सम्मान प्रमाणपत्र गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के जिलाध्यक्ष बीपी चौहान ने ग्रहण किया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए जेपी चाहर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के अनुभव और ज्ञान के भंडार हैं। उन्होंने वरिष्ठजनों से अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को निष्ठा के साथ निभाते हुए नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण धरोहर है।
समारोह में गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के जिलाध्यक्ष बीपी चौहान, संरक्षक वीके गुप्ता, आरके जोशी, मंजू सिंह, रमेश चंद्र पंत, सुखवंश सिंह, रामसरीख, अतर सिंह, वेद प्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


