आपत्तिजनक हालत में पत्नी को साढ़ू संग देख भड़का विवाद, विरोध पर पति पर जानलेवा हमला, पत्नी, बेटे और साढ़ू पर मुकदमा

विनोद धीमान
हरिद्वार।
जिले के पथरी थाना क्षेत्र के बुक्कनपुर गांव में पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसने अपनी पत्नी को अपने ही साढ़ू के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। विरोध करने पर पत्नी, साढ़ू और बेटे ने मिलकर उस पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर भागे पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसका पीछा करते हुए उसके भाई के घर तक पहुंच गए और वहां भी मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में बुक्कनपुर निवासी करनल सिंह पुत्र ऋषिपाल सिंह ने बताया कि 31 जुलाई की रात उसका साढ़ू सुखदेव सिंह उसके घर आया हुआ था। आरोप है कि जब वह कमरे में पहुंचा तो उसने अपनी पत्नी सरबजीत कौर और साढ़ू को आपत्तिजनक हालत में देखा। इस पर जब उसने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।

पीड़ित के अनुसार रात करीब साढ़े नौ बजे पत्नी सरबजीत कौर, साढ़ू सुखदेव सिंह और पुत्र गगनदीप सिंह ने एक राय होकर उस पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं, जबकि पत्नी ने उसके हाथ पर दांत से काटकर घायल कर दिया। किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाते हुए घर से भागा और अपने भाई तथा माता-पिता के घर पहुंचा।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी यहीं नहीं रुके। साढ़ू और बेटा बाइक से उसका पीछा करते हुए उसके भाई के घर तक पहुंच गए, जहां घर में घुसकर धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और हंगामा किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने थाना पथरी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पत्नी सरबजीत कौर, साढ़ू सुखदेव सिंह और पुत्र गगनदीप सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *