हरिद्वार। वरिष्ठ भाजपा नेता व लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने संसद में जय फिलिस्तीन का नारा लगाने पर उनकी संसद सदस्यता रद्द करने तथा उन्हें फिलिस्तीन भेजने की केंद्र सरकार से मांग की है।
बता दें कि संसद में शपथ के दौरान ओवैसी ने जय भीम, जय मीम के साथ जय फिलिस्तीन का नारा लगाया था, इसके खिलाफ संसद में काफी हंगामा हुआ। उसी को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय गुप्ता ने ओवैसी पर हमला बोलते हुए कहा कि यह वह लोग हैं, जिनकी देश में देश के प्रति आस्था नहीं है।
उन्होंने कहा कि ओवैसी जैसे लोग भारत माता की जय बोलने से गुरेज करते हैं और जय फिलिस्तीन के नारे लगाते हैं। उन्होंने कहा कि ओवैसी खाते हिंदुस्तान का है और गुण दूसरे मुल्कों का गाते हैं। यह संविधान के खिलाफ है।
संजय गुप्ता ने कहा कि ओवैसी जय फिलिस्तीन की बात कह कर मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति को प्रश्रय देने का कार्य कर रहे हैं। वह मुसलमानों रहनुमा बनने की सोच रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति महोदया को तत्काल असदुद्दीन ओवैसी की संसद सदस्यता रद्द कर देनी चाहिए।
संजय गुप्ता ने कहा कि ओवैसी जैसे लोग भारत तोड़ो में विश्वास रखते हैं जो कि उनके वक्तव्य से ही पता चलता है।उन्होंने ओवैसी जैसे लोगों को नसीहत देते हुए कहा कि यदि उन्हें भारत में रहना है तो भारत माता की जय भी बोलनी होगी।


