एक विधवा महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। विधवा महिला ने शादी का झांसा देकर हरियाणा के व्यक्ति पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। दोनों के बीच दोस्ती फेसबुक से शुरू हुई थी और बाद में उनके बीच मुलाकात का सिलसिला शुरू हो गया था। दोनों लंबे समय से दंपत्ति की तरह रह रहे थे। शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति का जनवरी 2014 में निधन हो गया था। उनकी दो जुड़वां बेटियां हैं, जिनकी उम्र 16 वर्ष है। पीडि़त महिला ने बताया कि उसकी फेसबुक के माध्यम से दौलत निवासी औरंगाबाद, मुड़करी, जिला पलवल, हरियाणा नाम के व्यक्ति के साथ दोस्ती हुई। धीरे-धीरे बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि दौलत ने फोन पर ही महिला के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा और झूठे प्रलोभन दिए। महिला उसके झांसे में आ गई और उसने शादी का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। इसके बाद दौलत पिछले छह वर्षों से महिला को अलग-अलग जगह ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करता आ रहा है।
इस दौरान वह कई बार गर्भवती हुई तो आरोपी ने गर्भपात करवा दिया। वह अक्सर महिला के घर भी आता था। इस दौरान उसने पड़ोसियों व रिश्तेदारों को भी महिला के साथ जल्द शादी करने की बात कही। पीडि़ता ने बताया कि 11 मई को आरोपित ने फोन कर बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसकी बेटी भी है। इसके बाद उसने गाली-गलौज की और इस बारे में किसी को बताने पर गोली मारने की धमकी दी। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विद्याभूषण नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।


