हरिद्वार। दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण, जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं में कलियर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी से पडोस का एक युवक शादी का झांसा देकर पिछले दो साल से दुष्कर्म कर रहा है। तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शानू के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं दूसरी ओर एक अन्य महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका पति पशुओं का चारा काटने के लिए अपनी पुत्री को लेकर गया था। उनके साथ उसकी बड़ी बेटी का पुत्र भी था। चारा लेकर वह घर पर डालने के लिए आ गया। जैसे ही वह वापस खेत में वापस गया तो उसकी बड़ी बेटी का पुत्र बदहवास अवस्था में मिला। उसने बताया कि उसकी पुत्री को कुछ लड़के ज़बरदस्ती ले गए हैं। उसने अपनी पुत्री को आसपास में काफी तलाश किया। लेकिन उसका कुछ पता नही चल पाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिसके बाद देर रात बदहवास अवस्था में घबराई हुई उसकी पुत्री घर पहुंची।
उसने बताया कि चार युवकों ने उसके साथ मारपीट कर गलत काम किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता की मां ने पुलिस को तीन नामजद और अज्ञात युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी सन्नी, मांगा, दानिश और एक अज्ञात के खिलाफ अपहरण, मारपीट सामूहिक दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई आमिर खान ने बताया कि दोनो मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


