राजा भगीरथ भारतीय संस्कृति, त्याग और तपस्या के प्रतीक : संजय गुप्ता

महाराजा भगीरथ जी की शोभायात्रा में उमड़ा आस्था और एकता का जनसैलाब

हरिद्वार। सैनी समाज (भागीरथी सैनी) द्वारा आयोजित लक्सर क्षेत्र में राजा भगीरथ जी की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण बनकर सामने आई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोगों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण, जयघोष, पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया।


शोभायात्रा का शुभारंभ विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने किया। यात्रा में महाराज भगीरथ जी के जीवन, तपस्या और लोककल्याणकारी कार्यों को दर्शाती आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया तथा जगह-जगह जलपान और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।


इस अवसर पर भाजपा के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि महाराज राजा भगीरथ जी भारतीय संस्कृति, त्याग और तपस्या के महान प्रतीक हैं। उन्होंने अपने कठोर तप और अथक प्रयासों से माँ गंगा को स्वर्ग से धरती पर लाकर मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। उनका जीवन समाज को सेवा, समर्पण और लोकहित की प्रेरणा देता है। आज भी उनके आदर्श जनमानस को सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।


कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के आदर्शों से परिचित कराने का कार्य करते हैं। शोभायात्रा के दौरान समाज की एकता, अनुशासन और धार्मिक आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।


शोभायात्रा में शामिल होकर लोगों ने स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया और महाराज भगीरथ जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया। आयोजन के समापन पर समाज के वरिष्ठजनों ने सभी सहयोगियों, श्रद्धालुओं एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *