स्कूल परिसर के पीछे चल रहा था देह व्यापार का धंधा, तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन महिलाएं रेस्क्यू

देहरादून। राजधानी देहरादून के कैंट क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े अनैतिक देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश किया है। थाना कैंट पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने एक स्कूल परिसर के पीछे संचालित किए जा रहे जिस्मफरोशी के अड्डे पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को गोपनीय माध्यम से सूचना मिली थी कि कैंट क्षेत्र के किशन नगर एक्सटेंशन इलाके में कुछ लोग अनैतिक देह व्यापार का धंधा संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर सीओ सिटी के नेतृत्व में एएचटीयू देहरादून और थाना कैंट पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने संदिग्ध स्थान पर औचक छापेमारी की।


छापेमारी के दौरान पुलिस को एक स्कूल के पिछले हिस्से में तीन महिलाएं और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देह व्यापार संचालित कर रहे मुख्य आरोपी सहित आशीष कुमार पाण्डे और जंग बहादुर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीन महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।


पुलिस ने मौके पर मौजूद एक स्विफ्ट कार को भी सीज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक पहले भी अनैतिक देह व्यापार के मामले में जेल जा चुका है। इसके बावजूद वह दोबारा इस अवैध कारोबार में सक्रिय था।


सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि आरोपी बाहरी राज्यों से महिलाओं को नौकरी और काम दिलाने का झांसा देकर देहरादून बुलाते थे। बाद में उनकी आर्थिक और सामाजिक मजबूरियों का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार कराया जाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना कैंट में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही रेस्क्यू की गई महिलाओं को आवश्यक सहायता और काउंसलिंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *