12 घंटे में पुलिस ने दबोचा शातिर लुटेरा, ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई

गरीब फेरी वाले को बनाया था निशाना, पूछताछ में थीथकी चोरी कांड में भी शामिल होने की बात कबूली


हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने लूट की घटना का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।


जानकारी के अनुसार, 04 अप्रैल 2026 की शाम को सूचना प्राप्त हुई कि पुराना मंगलौर नहर पुल के पास एक साइकिल सवार फेरी वाले से तीन बदमाशों ने लूटपाट कर ली। पीड़ित श्याम कुमार ने घटना के संबंध में कोतवाली मंगलौर में तहरीर दी, जिसके आधार पर अज्ञात तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।


घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभारी निरीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की, साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान लिंक रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।


पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में कई चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने 25 फरवरी को ग्राम थीथकी में हुई चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
आलोक उर्फ मीठा पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम नजरपुरा, कोतवाली मंगलौर

आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी पर कोतवाली मंगलौर में चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *