विनोद धीमान
हरिद्वार। जनपद में अवैध तस्करी एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में जनपद की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक डी.एस. कोहली के नेतृत्व में देर रात्रि थाना खानपुर क्षेत्र की चौकी वालावाली (उत्तर प्रदेश सीमा) पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर ट्रक में अवैध सागौन की लकड़ी का परिवहन पाया गया। मौके पर चालक और सवार से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर थाना खानपुर में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार ऑपरेशन प्रहार के तहत खानपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपित का नाम पता मुकीम पुत्र साबिर, निवासी दिनौड़ा नांगल, नजीबाबाद (उ.प्र.), उम्र 28 वर्ष, जुल्फान पुत्र अहमद हसन, निवासी सुल्तानपुर आदमपुर, लक्सर (हरिद्वार), उम्र 35 वर्ष बतायी।


