नशे की लत में बन गए वाहन चोर, पुलिस ने 4 आरोपितों को दबोचा, दस बाइक बरामद

नहर किनारे झाडि़यों में छिपाई थीं चोरी की बाइकें
हरिद्वार।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 04 वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चारों आरोपी नशे के आदी हैं और अपने नशे की पूर्ति तथा शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।


घटना का रानीपुर कोतवाली में खुलासे करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 4 अप्रैल को उत्तराखण्ड पुलिस ऐप के माध्यम से अलग-अलग तिथियों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को लेकर ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई गई थीं।
मुकेश पुत्र स्व. कलीराम निवासी ब्रह्मपुर, थाना सिडकुल ने मोटरसाइकिल संख्या यूपी 12एई -5890 के आईसी इलेक्ट्रॉनिक कंपनी क्षेत्र से चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। समीर पुत्र नवाब निवासी बंदर टोल, मंगलौर ने मोटरसाइकिल संख्या यूके 17 वी -9849 (स्प्लेंडर प्लस) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। अरुण कुमार पुत्र रमेश निवासी जमालपुर खुर्द ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूके 07 बीबी -3906 चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

इन घटनाओं के खुलासे और वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने व्यापक अभियान चलाया। पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों, सुरागरसी-पतारसी और सघन चेकिंग अभियान के दौरान नहर पटरी स्थित श्मशान घाट के पास से 04 संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से संबंधित अभियोगों की 03 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए मोटरसाइकिलें चोरी कर राह चलते लोगों और कबाडि़यों को औने-पौने दामों में बेच देते थे।


एसएसपी ने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर नहर किनारे झाडि़यों में छिपाकर रखी गई कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनमें 03 मोटरसाइकिलें कोतवाली रानीपुर क्षेत्र से, एक-एक थाना सिडकुल, थाना फरीदाबाद, ई-पुलिस स्टेशन दिल्ली तथा 04 अन्य संदिग्ध चोरी की मोटरसाइकिलें शामिल हैं।


अन्य बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पकड़े गए आरोपितों के नाम पते विपिन पुत्र राजवीर, निवासी ग्राम पुट्ठा, थाना खतौली, जनपद मुजफ्फरनगर (उ.प्र.), उम्र 22 वर्ष, गौरव पुत्र मांगेराम, निवासी ग्राम मोहम्मदपुर डोसनी, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष, नितिन पुत्र धर्मराज, निवासी सुरजनगर, जनपद मुरादाबाद (उ.प्र.), उम्र 20 वर्ष
व गौरव पुत्र सुरेश कुमार, निवासी गुरुकुल नारसन, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष बताए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *