छीना गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद, लापरवाही से बाइक चलाने पर दो लोग घायल
हरिद्वार। कोतवाली रुड़की पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 02 मार्च को वादी संजय मुखर्जी निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) ने कोतवाली रुड़की में तहरीर देकर बताया कि दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने उनका मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान झपटमारी की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपियों ने तेज और लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाते हुए बोट क्लब के पास एक अन्य मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सुमित और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान माजिद पुत्र जुम्मन निवासी मिलाप नगर ढंडेरा, कोतवाली रुड़की और आसिफ पुत्र इरशाद निवासी ढंडेरा, रुड़की के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 108/26 के तहत धारा 304(2), 3(5), 281, 125, 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए चालान की दिया।


