हरिद्वार। भाजपा के वरिष्ठ नेता व लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने आज वृहद स्तर पर ग्रामीणों के संग पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रजाति के 151 पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर पौधारोपण को आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए संजय गुप्ता ने कहाकि यदि पर्यावरण सुरक्षित है तो मानव भी सुरक्षित है। पेड़ों के कटान के कारण ही आज हमें पर्यावरण असंतुलन का सामना करना पड़ रहा है। तापमान का बढ़ना भी इसी का परिणाम है। उन्होंने बेहतर कल के लिए पौधारोपण को आवश्यक बताया।
संजय गुप्ता ने कहाकि प्रकृति भगवान शिव का स्वरूप है। वर्तमान में पवित्र श्रावण मास चल रहा है। ऐसे में पौधारोपण कर हम प्रकृति का श्रृंगार कर भगवान शिव का प्रसन्न करने का कार्य कर सकते हैं। प्रकृति का श्रृंगार भगवान शिव की पूजा के समान है। उन्होंने प्रत्येक शुभ अवसर पर तथा स्मृति में पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहाकि यदि हम ऐसा करते हैं तो आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रखने में योगदान दे सकते हैं। यदि पेड़ों का अंधाधुंध दोहन होता रहा तो पृथ्वी से मानव जीवन का नाश हो जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनका सहयोग किया।


