हरिद्वार। हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में स्थित पतंजलि योगपीठ से जुड़ी एक दुखद घटना सामने आई है। पतंजलि रिसर्च सेंटर में कार्यरत एक युवा सहायक इंजीनियर ने रविवार शाम अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों को युवक के कमरे का दरवाजा काफी देर तक बंद रहने पर संदेह हुआ। इसी दौरान पीछे की खिड़की से झांककर देखने पर युवक को दरवाजे के पास रस्सी के फंदे से लटका हुआ देखा गया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची बहादराबाद थाना पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोलकर शव को फंदे से नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय रुड़की की मोर्चरी भिजवा दिया।
मृतक की पहचान रितेश कुमार (25) पुत्र अभय कुमार सिंह, निवासी कोराई वार्ड नंबर 8, थाना गढ़पुरा, जिला बेगूसराय (बिहार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रितेश कुमार हरिद्वार में स्थित पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट शांतरशाह में सहायक इंजीनियर के पद पर कार्यरत था और संस्थान के पास ही किराए के कमरे में रह रहा था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
बहादराबाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि युवक मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और नौकरी के सिलसिले में हरिद्वार आया हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।


