हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल 15 वर्षीय किशोरी की उपचार के दौरान मौत के बाद रविवार को परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने किशोरी का शव सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक धरना दिया और आरोपी कार चालक की तत्काल गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की कतार लग गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों से पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच कई बार नोकझोंक भी हुई। पुलिस अधिकारियों द्वारा नियमानुसार सख्त कार्रवाई और जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए।
परिजनों के अनुसार, 30 अगस्त की रात ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में रविदास चौक अंडरपास के पास महफिल रेस्टोरेंट के सामने तेज रफ्तार कार ने लौधामंडी निवासी किशोरी को टक्कर मार दी थी। आरोप है कि टक्कर के बाद कार चालक किशोरी को करीब 300 मीटर तक वाहन के साथ घसीटता हुआ ले गया। हादसे में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उसका एम्स अस्पताल में उपचार चल रहा था।
शुक्रवार को परिजनों ने किशोरी को भूमानंद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत की सूचना मिलते ही शनिवार को भी परिजनों और स्थानीय लोगों ने रेल चौकी पर धरना देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
रविवार को परिजन किशोरी का शव लेकर रेल चौकी से कटहरा बाजार मार्ग पर एसबीआई के पास नाले की पुलिया के बाहर सड़क पर पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात प्रभावित होने से जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोश बढ़ने और भीड़ जुटने के बाद आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। परिजन आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मामले में पुलिस पहले ही मुकदमा दर्ज कर चुकी है। घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


