पूर्व विधायक ने प्रदेश की समृद्धि, सुख-शांति और खुशहाली की कामना की, नारी सम्मान और सामाजिक सद्भाव का संकल्प लेने का किया आह्वान
हरिद्वार। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने मां शक्ति की आराधना के पावन पर्व नवरात्रि की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने मां दुर्गा से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली तथा निरंतर प्रगति की कामना की।
संजय गुप्ता ने कहा कि नवरात्रि केवल धार्मिक आस्था और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि शक्ति, भक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक भी है। यह पर्व हमें बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। मां दुर्गा की आराधना से हमें अन्याय, अहंकार और नकारात्मक शक्तियों के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा मिलती है। नवरात्रि का प्रत्येक दिन श्रद्धालुओं को आत्मशुद्धि, संयम और सद्कर्मों के मार्ग पर चलने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में व्याप्त बुराइयों को दूर करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लेना चाहिए। विशेष रूप से नारी शक्ति का सम्मान, महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वह समाज प्रगति और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ता है।
पूर्व विधायक ने कहा कि त्योहारों का वास्तविक उद्देश्य समाज में प्रेम, सद्भाव, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से नवरात्रि के अवसर पर आपसी मतभेद भुलाकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि मां दुर्गा की कृपा से प्रदेश में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहेगी तथा सभी के जीवन में खुशहाली का संचार होगा।

