पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से विनम्रतापूर्वक किया आग्रह, प्रभावित किसानों को सहायता मिलने की जताई अपेक्षा
हरिद्वार। शुक्रवार को हुई ओलावृष्टि और बारिश से धान की तैयार फसल को हुए नुकसान को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने का विनम्र आग्रह किया है।
संजय गुप्ता ने कहा कि ओलावृष्टि और बारिश के कारण किसानों की तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कराने की कृपा करें।
उन्होंने अपेक्षा जताई कि आकलन के बाद नियमानुसार पात्र किसानों को मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे प्रभावित किसानों को कुछ राहत मिल सके।
पूर्व विधायक ने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं और उनकी मेहनत से ही कृषि व्यवस्था मजबूत होती है। ऐसे में प्राकृतिक आपदा से फसल प्रभावित होने पर किसानों को समय पर सहायता मिलना आवश्यक है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से किसानों के हित में सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का विनम्र अनुरोध किया।

