हरिद्वार। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मनीष दत्त एवं इडियन रेडक्रास सचिव डा. नरेश चौधरी के संयोजन में आपदा की मॉक ड्रिल के तहत रेडक्रास स्वयं सेवकों ने भी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुये मॉक ड्रिल में हिस्सा लिया। स्वयसेवकों ने आपदा के आने पर किस प्रकार जिला प्रशासन का सहयोग किया जायेगा तथा जनमानस के जानमाल की सुरक्षा की जायेगी, ऐसे सभी प्रकार के आपदा के दौरान किये जाने वाले सभी कार्यों की तैयारियों को परखने के उपरान्त समीक्षा की।
जिलाधिकारी विनयशंकर पाण्डेय ने इडियन रेडक्रास सचिव डा. नरेश चौधरी एवं मॉक ड्रिल में किये गये समर्पित सहयोग के लिए प्रतिभाग करने वाले सभी रेडक्रास स्वयं सेवकों की सराहना करते हुये कहा कि आपदा के दौरान कार्य करने वाले सभी सम्बन्धित विभागों के साथ-साथ स्वयं सेवकों की अहम भूमिका होती है। जिसमें रेडक्रास स्वयं सेवक पूर्णतया खरे उतरे। जिलाधिकारी ने कहा कि जब भी कोई भी दैवीय, प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से जनमानस प्रभावित हुआ तब रेडक्रास स्वयं सेवकों ने अग्रणीय रहकर जनमानस को समर्पित सेवा दी है। जिसका उदाहरण गत वर्षो में कोविड-19 जैसी वैश्विक दैवीय आपदा है, जिसके लिए डा. नरेश चौधरी सचिव रेडक्रास के नेतृत्व में रेडक्रास स्वयं सेवकों ने उत्कृष्ठ कार्य किये हैं।
जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय ने कहा कि किसी भी दैवीय आपदा को रोका नहीं जा सकता, परन्तु स्वेच्छिक संस्थाओं के स्वयं सेवकों तथा अधिक से अधिक जनसहभागिता से कम किया जा सकता है।
इडियन रेडक्रास सचिव डा. नरेश चौधरी ने अवगत कराया कि आपदा के मॉक अभ्यास के अन्तर्गत रेडक्रास स्वयं सेवकों ने भी सभी घटना स्थलों पर बिना समय गंवायें शीघ्रता से पहुुंचकर प्रभावित जनमानस को यथा सम्भव प्राथमिक उपचार दिया तथा समय रहते हुये जनहानि, पशु हानि एवं आर्थिक हानि को कम से कम होने दिया। गम्भीर रूप से प्रभावित व्यक्तियों को एम्बुलेंस में ही प्राथमिक उपचार देते हुये चिकित्सालयों में समय से पहुंचाया गया ।
समीक्षा के उपरान्त डा. नरेश चौधरी ने अवगत कराया कि घटना स्थलों पर कुछ भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा जिला चिकित्सालय में पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाये। जिससे घायलों को आकस्मिक चिकित्सा कक्ष में पहुुंचाने में देर न हो। रेडक्रास स्वयं सेवकांे में रचना, नेहा शाह, दिव्या, दिव्या चमियाल, साक्षी राणा, आयुषि रावत, रिषि कुमारी, रितिका रावत, रोहित भट्ट, विजेता मण्डल, मयंक गंगवार, श्रेया मिश्रा, आकांक्षा भट्ट, पूनम आदि ने सक्रिय सहभागिता की।


