हरिद्वार। हरिद्वार नगर विधायक मदन कौशिक ने कहाकि कांग्रेस का घोषणा पत्र देश को बांटने वाला है। भाजपा जनता के सामने खड़ी होकर कांग्रेस के चरित्र को जनता के सामने लाने का काम करेगी। उक्त बात उन्होंने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही।
रुड़की के सिविल लाइंस स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कौशिक ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र देश को बांटने वाला व त्रुष्टिकरण को बढ़ावा देने वाला है। कहा कि कांग्रेस हमेशा त्रुष्टिकरण की राजनीति करती है। उनके घोषणा पत्र से विकास हमेशा दूर रहा है। उनके घोषणा पत्र से बहुसंख्यकों की बात नदारद है, जबकि अल्पसंख्यकों को महत्व दिया गया है।
कांग्रेस के आर्थिक सर्वेक्षण के बारे में उन्होंने कहा कि यह अल्पसंख्यक के लाभ के लिए है। आर्थिक सर्वेक्षण बहन-बेटियों का हक छीनने का काम करेगा। आरक्षण की सीमा हटाए जाने पर उन्होंने कहा कि क्या अब कांग्रेस धर्म के आधार पर आरक्षण देंगे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और डा. मनमोहन सिंह के समय के घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र हमेशा ही समाज और देश के विपरीत रहा।
कांग्रेस को सनातन विरोधी बताते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्होंने राम मंदिर को न्यौता ठुकराया वह भी उनकी मंशा को जाहिर करता है। परिवारवाद के नाम पर देश को लूटने का काम कांग्रेस ने किया।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, लोकसभा सह संयोजक मयंक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष संजय त्यागी, प्रदेश कार्यकरिणी सदस्य सुशील त्यागी, विधानसभा सह संयोजक सौरभ गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, बीएल अग्रवाल, अनुज त्यागी, एडवोकेट आशीष पंडित, कमल सैनी आदि उपस्थित रहे।