बदलते मौसम के रोगों से बचाव के घरेलू उपाय

जैसे ही मौसम बदलने लगता है, कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों को कई तरह के रोग घेर लेते हैं। मगर अगर हम अपनी रसोई में थोड़ा सा ध्यान दें तो हमें कई सामान्य समस्याओं से राहत पाने के लिए घरेलू उपाय मिल सकते हैं।

तो आइए जानते हैं कि इन रोगों के लिए हमारी रसोई में क्या-क्या उपलब्ध है।

नजला-जुकाम :

रात के समय नियमित रूप से सरसों के तेल या गाय के घी को गुनगुना करके एक-दो बूंदें सूंघते रहने से नजला-जुकाम कभी नहीं होता। मस्तिष्क भी अच्छा रहता है।

खांसी :

खांसी की सभी अवस्थाओं के लिए विशेष लाभदायक है ‘सुहागा और मुलहठी का चूर्ण’।

सुहागे के फूले और मुलहठी को अलग-अलग खरल में या कूट-पीसकर, कपड़े से छानकर मैदे की तरह बारीक चूर्ण बना लें। फिर इन दोनों औषधियों को बराबर वजन में मिलाकर किसी शीशी में सुरक्षित रख लें। इस प्रकार श्वास, खांसी और जुकाम के लिए दवा तैयार हो जाती है।

सेवन विधि :

सामान्य मात्रा आधा ग्राम से एक ग्राम तक दवा दिन में दो-तीन बार शहद के साथ चाटें या गर्म जल के साथ लें। बच्चों के लिए एक रत्ती (चुटकी भर) की मात्रा या आयु के अनुसार कुछ अधिक दें।

परहेज :

दही, केला, चावल और ठंडे पदार्थों का सेवन न करें।

सिर के रोग :

नहाने से पहले हमेशा पांच मिनट तक मस्तक के मध्य तालु पर किसी श्रेष्ठ तेल (नारियल, सरसों, तिल, ब्राह्मी, आंवला, भृंगराज) की मालिश करें। इससे स्मरणशक्ति और बुद्धि का विकास होगा। बाल काले, चमकीले और मुलायम होंगे।

विशेष :

रात को सोने से पहले कान के पीछे की नसों, गर्दन के पीछे की नसों और सिर के पिछले भाग पर हल्के हाथों से तेल की मालिश करने से चिंता, तनाव और मानसिक परेशानी के कारण सिर के पिछले भाग और गर्दन में होने वाला दर्द तथा भारीपन मिटता है।

नेत्र ज्योति :

नित्य प्रातः सरसों के तेल से पैरों के तलवों और उंगलियों की मालिश करनी चाहिए। सबसे पहले पैरों के अंगूठों को तेल से तर करके उनकी मालिश करनी चाहिए। इससे किसी प्रकार का नेत्र रोग नहीं होता और आंखों की रोशनी तेज होती है। साथ ही पैरों का खुरदरापन, रूखापन तथा सूजन शीघ्र दूर होती है। पैरों में कोमलता तथा बल आता है।

कान के रोग :

सप्ताह में एक बार भोजन से पूर्व कान में सरसों के हल्के गुनगुने तेल की दो-चार बूंदें डालकर खाना खाएं। इससे कानों में कभी तकलीफ नहीं होगी। कान में तेल डालने से अंदर का मैल बाहर आ जाता है। सप्ताह या 15 दिन में एक बार ऐसा करने से ऊंचा सुनने या बहरेपन का भय नहीं रहता एवं दांत भी मजबूत बनते हैं। कान में कोई भी द्रव्य (औषधि) भोजन से पूर्व डालना चाहिए।

विशेष :

25 ग्राम सरसों के तेल में लहसुन की दो कलियां छीलकर डाल दें। फिर इसे गुनगुना गर्म करके छान लें। सप्ताह में यदि एक बार कान में यह तेल डाल लिया जाए तो श्रवण शक्ति तेज बनती है। कान निरोग बने रहते हैं। इस लहसुन के तेल को थोड़ा गर्म करके कान में डालने से खुश्की भी दूर होती है। छोटा-मोटा घाव भी सूख जाता है।

कान और नाक के छिद्रों में उंगली या तिनका डालने से उनमें घाव होने या संक्रमण पहुंचने का भय रहता है। अतः ऐसा न करें।

मुख के रोग :

प्रातः कड़वे नीम की दो-चार हरी पत्तियां चबाकर उसे थूक देने से दांत, जीभ व मुंह एकदम साफ और निरोग रहते हैं।

विशेष :

नीम की दातुन उचित ढंग से करने वाले के दांत मजबूत रहते हैं। उनके दांतों में न तो कीड़े लगते हैं और न ही दर्द होता है। मुंह के रोगों से बचाव होता है। जो 12 साल तक नीम की दातुन करता है, उसके मुंह से चंदन की खुशबू आती है।

मुंह में कुछ देर सरसों का तेल रखकर कुल्ला करने से जबड़ा बलिष्ठ होता है। आवाज ऊंची और गंभीर हो जाती है। चेहरा पुष्ट होता है और छह रसों में से हर एक रस को अनुभव करने की शक्ति बढ़ जाती है। इस क्रिया से कंठ नहीं सूखता और न ही होंठ फटते हैं। दांत भी नहीं टूटते, क्योंकि दांतों की जड़ें मजबूत हो जाती हैं। दांतों में पीड़ा नहीं होती।

सर्दीजनित तथा गले व श्वसन संस्थान के रोग :

जो व्यक्ति नित्य प्रातः खाली पेट तुलसी की चार-पांच पत्तियों को चबाकर पानी पी लेता है, वह अनेक रोगों से सुरक्षित रहता है। उसके सामान्य रोग स्वतः ही दूर हो जाते हैं। सर्दी के कारण होने वाली बीमारियों में विशेष रूप से जुकाम, खांसी, ब्रोंकाइटिस, निमोनिया, इन्फ्लूएंजा, गले, श्वासनली और फेफड़ों के रोगों में तुलसी का सेवन उपयोगी है।

डॉ. (वैद्य) दीपक कुमार
आदर्श आयुर्वेदिक फार्मेसी
कनखल, हरिद्वार

वेबसाइट: https://adarshayurvedicpharmacy.in/
फेसबुक: https://www.facebook.com/adarshpharmacy/
इंस्टाग्राम: https://www.instagram.com/adarshayurvedicpharmacy/
ट्विटर: https://twitter.com/adarshpharmacy
यूट्यूब: https://www.youtube.com/@Adarshayurvedic
ईमेल: aapdeepak.hdr@gmail.com
संपर्क: 9897902760

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *