फॉर्च्यूनर कार और तीन हथियारों समेत कारतूस बरामद, एक आरोपी फरार
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में मामूली विवाद के चलते प्रॉपर्टी डीलर ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर अपने कार्यालय में काम करने वाले एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि पांचों ने मिलकर पीड़ित पर फायरिंग की और जान से मारने का प्रयास किया। घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने चार आरोपितों को बुग्गावाला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर कार, 315 बोर की राइफल, 12 बोर की पंप एक्शन गन, एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। एक अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, सुभाष नगर ज्वालापुर निवासी निशांत यादव पुत्र राजनाथ यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 12-13 नवंबर की रात ब्रेजा और फॉर्च्यूनर कार में सवार पांच लोगों ने उस पर जान से मारने की नीयत से पिस्तौल से फायरिंग की। तहरीर के आधार पर ज्वालापुर कोतवाली में गुड्डू चौधरी, मनोज कुमार, अंकुर वर्मा उर्फ हन्नी, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर ने बाजार चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की।
13 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुग्गावाला थाना क्षेत्र में दबिश देकर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुड्डू चौधरी निवासी शिवालिक नगर, रानीपुर, मनोज कुमार निवासी बिटावड़ा, थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, रानीपुर और संदीप उर्फ मोनू निवासी चंदनहेड़ी ख्वाजापुर, थाना छपरौली, बागपत के रूप में हुई है।
तीन हथियार और फॉर्च्यूनर कार बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 315 बोर की एक राइफल, छह जिंदा कारतूस और दो खोखे, 12 बोर की एक पंप एक्शन गन व चार जिंदा कारतूस तथा 32 बोर की एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त यूके-08 बीक्यू-9009 नंबर की फॉर्च्यूनर कार भी बरामद की गई है।
पुलिस ने दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/29 की बढ़ोतरी की है। फरार पांचवें आरोपित की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपितों का चालान कर दिया है।

