हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में एक महिला ने घर में फांसी लगा ली। सूचना पाकर पहुंची सिडकुल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस को पता चला है कि महिला के पति ने उसके गहने गिरवी रख दिए थे। इस कारण वह काफी गुस्से में थी। अब पुलिस महिला के परिजनों की ओर से तहरीर का इंतजार कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के नवोदय नगर में पिछले कुछ सालों से अल्मोड़ा का रहने वाला राजेंद्र अपनी 30 वर्षीय पत्नी प्रभा के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि आर्थिक तंगी के चलते उसके पति ने उसके कुछ गहने गिरवी रख दिए थे। चर्चा यह भी है की जुए की लत के चलते मृतका के पति ने जेवर गिरवी रखे थे। इससे प्रभा काफी परेशान थी। गुरुवार सुबह प्रभा ने घर में पंखे से लटक मौत को गले लगा लिया। मृतका के पति ने इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शव को पंखे से उतार पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रभा के शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। थानाध्यक्ष सिडकुल प्रमोद उनियाल ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई मुकदमा दर्ज कराने की बात नहीं की गई है।


