उत्तराखंड शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 4 IAS और 2 PCS अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक सुधार और विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), राज्य सिविल सेवा (PCS) एवं सचिवालय सेवा के अधिकारियों के कार्यक्षेत्रों में फेरबदल किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 द्वारा जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


जारी आदेश के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनोद कुमार सुमन को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ उत्तराखंड डिजास्टर प्रिपेयर्डनेस एंड रेजिलिएंस प्रोजेक्ट (U-PREPARE) का परियोजना निदेशक नियुक्त किया गया है।


वहीं रोहित मेहरवार से यू-प्रिपेयर परियोजना निदेशक का दायित्व वापस लेते हुए उन्हें अपर सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे उद्योग, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग सहित कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे।
आईएएस अधिकारी इराना कामतान को ग्राम्य विकास विभाग में अपर सचिव एवं यूजीवीएस-रीप परियोजना निदेशक के साथ-साथ स्वजल विभाग के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।


इसी प्रकार प्रकाश चन्द्र को समाज कल्याण विभाग से संबंधित दायित्वों के अतिरिक्त अपर सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग बनाया गया है। उनके पास बहुद्देशीय वित्त विकास निगम एवं दिव्यांगजन कल्याण से जुड़े कार्य भी बने रहेंगे।


PCS अधिकारी सुन्दर लाल सेमवाल को सचिवालय प्रशासन विभाग से स्थानांतरित कर अपर सचिव, समाज कल्याण विभाग, प्रबंध निदेशक बहुद्देशीय वित्त विकास निगम तथा आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है।


इसके अलावा सचिवालय सेवा के अधिकारी विक्रम सिंह यादव को अपर सचिव, समाज कल्याण विभाग एवं अपर निदेशक, सतर्कता प्रशासन विभाग का दायित्व सौंपा गया है।


शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर तत्काल नई तैनाती वाले विभागों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, समाज कल्याण एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विभागों में कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *