विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में बुधवार को परिवहन विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। लक्सर सचल दल एवं रुड़की इंटरसेप्टर दल की संयुक्त कार्रवाई में विशेष रूप से भारी भार वाहनों को निशाना बनाया गया। विद्यालय समय के दौरान नो-एंट्री में शहर में प्रवेश करने वाले बड़े भार वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान बिना ढके माल का परिवहन, बिना फिटनेस, बिना टैक्स एवं बिना परमिट के वाहन संचालन जैसे गंभीर उल्लंघन पाए गए। इन मामलों में कुल 03 वाहनों को खानपुर थाने में निरुद्ध किया गया, जबकि ओवरलोड वाहन को लक्सर थाने में सीज किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करना रहा। कार्रवाई के दौरान लक्सर सचल दल के प्रभारी मुकेश भारती, इंटरसेप्टर दल के प्रभारी अधिकारी हरीश रावल, परिवहन सहायक निरीक्षक प्रमोद कुमार, परिवहन आरक्षी विकास एवं नीलम सहित अन्य स्टाफ मौके पर मौजूद रहा। परिवहन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।


