हरिद्वार में अवैध व्यावसायिक निर्माण पर प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, दो भवन सील


हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने बहादराबाद क्षेत्र में चल रहे अवैध व्यावसायिक निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया और बिना स्वीकृति निर्माण न करने के निर्देश दिए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहादराबाद क्षेत्र के अनेकी हेतमपुर स्थित अनेकी पुल के बाद औरंगाबाद जाने वाले मार्ग पर स्थित आर्यन हेरिटेज स्कूल के प्रबंधक द्वारा पूर्व निर्मित भवन के ऊपर द्वितीय तल पर लगभग 120 फीट × 50 फीट क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था।


वहीं, रोशनाबाद स्थित नवोदय चौक के पास सेंट थॉमस स्कूल के प्रबंधक द्वारा भी लगभग 60 फीट × 40 फीट क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कार्य किया जा रहा था।


प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार दोनों निर्माण कार्य बिना स्वीकृति के किए जा रहे थे। इस संबंध में संबंधित निर्माणकर्ताओं के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित किए गए थे और निर्माण कार्य रोकने के लिए कई बार निर्देश भी दिए गए थे।


इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी रहने पर प्राधिकरण टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना मानचित्र स्वीकृति एवं प्राधिकरण की अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए।


प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी बिना अनुमति किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *