महाशिवरात्रि पर्व पर सभी शिवालयों शिवरात्रि की तैयारियां जोरों पर हैं। भगवान शिव और माता पार्वती के मिलन के इस पर्व को लेकर सभी शिवालयों को सजाया जा रहा है। शिवरात्रि को लेकर जहां चतुर्थ प्रहर की पूजा की तैयारियां चल रही हैं वही शिवालय अभी से जगमगा उठे हैं।

शिवरात्रि पर्व की तैयारी प्रदेश की राजधानी देहरादून में भी जोरों पर हैं। यहां पलटन बाजार स्थित श्री जंगमेश्वर महादेव मंदिर में विशेष सजावट की गई है। इसी के साथ शिवरात्रि पर होने पर होने वाले आयोजन के लिए मंदिर के दिगम्बर रवि गिरि महाराज और अन्य भक्तगण जुटे हुए हैं। जंगम शिवालय मंदिर रात्रि में विभिन्न रंगों की लाईटों से जगजगा उठा हैं।

वहीं प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में भी मंदिर के श्रीमहंत कृष्णा गिरि महाराज के सानिध्य में भी शिवरात्रि की तैयारियां जोरों पर हैं। इस वर्ष 51 सौ लीटर दूध और पंचमेवा से भगवान टपकेश्वर महादेव का अभिषेक किया जाएगा। उसके बाद रात्रि से ही आम श्रद्धालु जलाभिषेक कर सकेंगे। मंदिर को बेहद खूबसूरती से सजाया गया है। टपकेश्वर सेवा दल के सदस्य, पुलिस प्रशासन के साथ मंदिर की व्यवस्था संभालेंगे। मंदिर में मंगलवार मध्यरात्रि 12 बजे विशेष अभिषेक किया जाएगा।


